Film Review

फिल्म रिव्यु : Freddy ,कार्तिक ने असली प्यार का पंचनामा तो अबकी बार किया है

Freddy movie review Kartik Aaryan

हर किसी का अपना स्वभाव होता है | कोई ज्यादा बोलता है तो कोई कम | कुछ दबंग होते हैं तो कुछ दब्बू | लेकिन कम बोलने वाले या दब्बू दिखने वाले कितने खतरनाक हो सकते हैं ये आप Freddy में देख कर समझ सकते हैं | Kartik Aaryan Bhool Bhulaiyaa 2 से अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके हैं | हम सब उनकी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से परिचित हैं | फ्रेडी में सायको के किरदार में कार्तिक अपनी एक्टिंग से चौंकाते हैं | सायको थ्रिलर फिल्म Disney+ Hotstar पर रिलीज हो चुकी है | आज हम इसी पर चर्चा करेंगे |हमारा यानी नारद टीवी का रिव्यू थोड़ा लेट में आ रहा है क्यंकि हमने ये फिल्म ही लेट देखी। अक्सर हम लोग लेट ही रहते हैं तो इसके लिए माफ़ कीजियेगा।

 

अक्सर हम कम बोलने वाले लोगों को हल्के में ले लेते हैं | ये किसी एक की बात नहीं | ये ह्यूमन नेचर है | हम सब ने जीवन में कभी न कभी ऐसे लोगों का मजाक जरूर उड़ाया होगा | ऐसे लोग जो कम बोलते हों, कम अच्छे दीखते हों हमारे हिसाब से ऊपर वाले ने उसे हमारे मनोरंजन के लिए ही बनाया है | हम कभी ये नहीं सोचते कि ऐसा करते समय उसके दिल पर क्या गुजरती होगी | फिल्म का नाम फिल्म के ही पात्र फ्रेडी पर है | हालाँकि फ्रेडी को हीरो कहना सही नहीं होगा | ऐसा क्यों है ये आप फिल्म देख कर खुद समझ जायेंगे |

कहानी 

फ्रेडी एक डेंटिस्ट है | दोस्त के नाम पर ले देकर एक कछुआ है | उम्र शादी के लायक है लेकिन हो नहीं रही | शादी तो करना चाहता है लेकिन समस्या ये है कि कोई लड़की उसे घास नहीं डालती | उसने डेटिंग साईट की भी मदद ली | हर दूसरे दिन वो एक नई लड़की के साथ डेट पर जाता भी है | लेकिन फ्रेडी है ही इतना बोरिंग कि लड़कियां बीच डेट उसे छोड़ के भाग जाती हैं | इसी बीच उसे एक लड़की पसंद आ जाती है जो उसके क्लिनिक में अपना दांत निकलवाने आती है | बस यहीं से उसके दिल में शहनाईयाँ बजने लगती हैं | वो लड़की भी देर से ही सही लेकिन फ्रेडी से मोहब्बत करने लगती है | इसके बाद फ्रेडी की लाइफ में उथल पुथल मचती है उसे देख आप भी चौंक उठेंगे | इसके आगे कुछ बताने से फिल्म का मजा किरकिरा हो हो जायेगा |

कार्तिक आर्यन अब बन गए हैं सम्पूर्ण अभिनेता 

अगर कार्तिक आर्यन की एक्टिंग को एक शब्द में डिफाइन करना हो तो उसके लिए परफेक्ट शब्द है ‘लाजवाब’ | प्यार का पंचनामा से लेकर भूल भुलैया तक कॉमेडी करते आये कार्तिक ने पहली बार ऐसा डार्क करैक्टर प्ले किया है | उन्होंने अपनी एक्टिंग की एक नई लेयर दिखाई है | कॉमेडी में तो वो जलवा पहले दिखा ही चुके हैं | बात तो इस हद तक पहुँच चुकी है कि अब वो अक्षय कुमार को रिप्लेस करने लगे हैं | ये काम आसान नहीं है | इस फिल्म में उन्होंने एक ऐसे सायको का किरदार निभाया है जिसकी पर्सनैलिटी की कई लेयर्स हैं | ठीक उसी तरह जैसे प्याज | उसे देख कभी तरस आता है तो कभी उससे घिन भी आती है | वो खुद कभी नाचने लगता है तो कभी दहाड़ें मार मार के रोने लगता हाई | यकीन मानिये जब उसे इस बेचारे फ्रेडी को लड़कियां दुत्कार के जाती हैं तब उसके हाव भाव को देख के उस पर तरस आ जाता है | तरस भी इतना कि कोई भली लड़की उसे इस हालत में देख के ही उसपे तरस खा के उससे मोहब्बत कर बैठे | फिल्म के शुरूआती सीन में ही जब डेट में आई लड़की बीच डेट में उसे छोड़ कर चली जाती है तब फ्रेडी और उसके सामने की खाली पड़ी कुर्सी उसकी बेचारगी बयान कर रही होती है | कार्तिक कई बार बिना बोले भी बहुत कुछ कह जाते हैं | किसी एक्टर की असली परख तभी होती है जब वो कैमरे पर तो हो लेकिन बिना डायलाग | ये काम इरफ़ान खान बखूबी किया करते थे | कार्तिक ने भी ऐसे ही कई सीन्स में जान फूंक दी है |

 

फर्स्ट हाफ थोड़ा बोर कर सकती है 

फिल्म शुरुआत में थोड़ी धीमी है बिलकुल वैसे ही जैसे खुद फ्रेडी | कभी कभी तो लगने लगता है कि शायद गलत फिल्म चुन ली | लेकिन जैसे जैसे फिल्म आगे बढती है हम उससे बंधते जाते हैं | सेकंड हाफ में तो इतने ट्विस्ट एंड टर्न हैं कि हम सोच में पड़ जाते हैं | लगभग हर थोड़ी देर बाद कुछ ऐसा होता है कि हम चौंक उठते हैं | गूजबंप खड़े कर देने वाले सीन भी मौजूद हैं | ऐसा इसलिए भी होता है क्योंकि जो ये सब कर रहा होता है हमें उससे ये सब कुछ करने की उम्मीद ही नहीं होती |

अन्य कलाकरों ने भी ज़बरदस्त अभिनय किया है 

फ्रेडी की गर्लफ्रेंड बनी हैं Alaya Furniturewala जिन्होंने कायनाज का रोल प्ले किया है | इनके बारे में कम ही लोग जानते हैं | अलाया अभिनेत्री पूजा बेदी की बेटी और कबीर Bedi की ग्रैंड डॉटर हैं | इन्होने अपने कैरियर की शुरुआत 2020 में रिलीज कॉमेडी फिल्म जवानी जानेमन से की थी | इसी फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्म फेयर अवार्ड भी मिला था | फ्रेडी इस बात को पुख्ता करती है कि वो दूर तक जाएँगी | उन्होंने अपने किरदार को बखूबी निभाया है | अलाया ने पति के उत्पीडन की शिकार महिला का रोल बड़ी ही खूबसूरती से निभाया है | एक सच्चे और नये साथी की तलाश फ्रेडी में ख़त्म होती है |

 

फ्रेडी जैसा दब्बू आदमी ऐसे कांड भी कर सकता है ये सोच कर ही मन काँप उठता है | फिल्म में दांत का भी बड़ा अहम रोल है | फिल्म के शुरू में कायनाज दांत निकलवाने आती हैं तब फ्रेडी उसे अनेस्थिसिया देकर बेहोश कर देता है जबकि ये काम बिना बेहोश किये भी किया जा सकता था | लेकिन तब फ्रेडी के दिलोदिमाग पर प्यार का जूनून सवार था | बाद में वही फ्रेडी इसी कायनाज का दांत बिना सुन्न किये जबरन उखाड़ देता है | तब उसके बदन में बदले की आग जल रही थी | ये सीन देखकर आप में से कई लोग दर्द से चीख उठेंगे |

करण पंडित के दांत उखाड़ने का मन हो जायेगा 

रेमंड के किरदार में नज़र आये कारन Pandit ने भी अपने हिस्से में आये काम को बखूबी अंजाम दिया है खासकर उनका पारसी  एक्सेंट बहुत ज़बरदस्त लगता है।  एक्टिंग के नज़रिये से ज़बरदस्त और उनके करैक्टर में बोरिंग। कभी कभी रेमंड से इतनी चिढ होती है की मन करता है की उसके दांत उखाड़ लिए जाएँ।

प्यार का असली पंचनामा इस बार किया है कार्तिक ने 

हालाँकि फिल्म में कुछ कमियां भी हैं | फिल्म का फर्स्ट हाफ काफी धीमा है | इसमें कुछ कांट छांट हो सकती थी | फ्रेडी जिस तरह से सारी चीजों का अंजाम देता है वो थोड़ा खटकती हैं | कोई प्रोफेशनल भी इस तरह से परफेक्ट क्राइम नहीं कर सकता | अब हर कोई विजय सलगांवकर तो हो नहीं सकता | ऐसा लगता है कि राइटर परवेज शेख ने कहानी को अपने हिसाब से लिखा है . सच में कहा जाये तो कार्तिक ने अपने कैरियर की शुरुआत भले ही प्यार का पंचनामा से की हो लेकिन प्यार का असली पंचनामा तो इसी फिल्म में हुआ है ।

 

 

 

हाँ फिल्म देखने के बाद एक सवाल जरूर दिमाग में आता है कि आखिर इसे थियटर में रिलीज क्यों नहीं किया गया | फिल्म में ऐसी कोई कमी ढूंढना तो मुश्किल है | बाकी बजट कम था या कोई और वजह ये कहना सम्भव नहीं |

 

आप भी साइको थ्रिलर फिल्मों का शौक रखते हों, कार्तिक आर्यन का फैन हों और बेहतरीन ट्विस्ट एंड टर्न से भरी फ़िल्में पसंद करते हों तो कार्तिक और अलाया की बेहतरीन एक्टिंग से सजी 2 घंटे की इस फिल्म को मिस न करिये | और हाँ फिर कभी कम बोलने वाले और दब्बू टाइप दिखने वाले को हल्के में लेने की गलती न करियेगा ।

 

Show More

Anurag Suryavanshi

Anurag Suryavanshi is a famous and social personality. The founder of the popular YouTube channel Naarad TV, he is a famous YouTube influencer and has millions of fan followers.
Back to top button