TV

दूरदर्शन के मशहूर इंग्लिश न्यूज़ रीडर्स DD National Anchors

 

दूरदर्शन English News Readers
दूरदर्शन के भूले-बिसरे एंकर

दूरदर्शन -: वो बुधवार और शुक्रवार का चित्रहार फिर समाचार उसके बाद कोई एक धारावाहिक, 80 और 90 के दशक में ऐसा रोज़ ही होता था। जिस दिन चित्रहार या कोई  दूसरा मनोरंजक कार्यक्रम नहीं आना होता था उस दिन भी धारावाहिक से आधे-एक पहले से टीवी खुल जाती और बड़ों के साथ बच्चे भी पूरा समाचार देख जाया करते थे। इतना ही नहीं बाद में प्रसारित अंग्रेजी समाचार भी उसी चाव से देखते और बीच-बीच में आने वाली क्लिप्स का इंतज़ार करते जिन पर उन्होंने हिंदी समाचार देखते वक़्त ध्यान दिया था। इसमें कोई शक़ नहीं कि बच्चों को समाचार तो उतना समझ नहीं आता था लेकिन रोज़ समाचार देखते देखते समाचार वाचकों और वाचिकाओं के चेहरे ज़रूर याद हो गये थे। तब सबके अपने-अपने पसंदीदा समाचार वाचक हुआ करते थे और रोज़ यह शर्त लगती कि आज समाचार में कौन-कौन वाचक आयेंगे। आज लगभग 30 वर्षों के बाद भी वो चेहरे हम सबके जेहन में वैसे ही तरो ताज़ा हैं जैसे कल की ही बात हो।

अगर हम आपके पसंदीदा किसी नाम को न ले पाये हों तो इसके लिये हम तहेदिल से माफी चाहते हैं।  80 और 90 के दशक के दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल के चर्चित समाचार वाचकों पर ही चर्चा कर रहे हैं। बाद में डी डी न्यूज जैसे चैनल पर ढेरों समाचार वाचक भी आये थे और शायद आपके कोई पसंदीदा वाचक उससे जुड़े हो सकते हैं इसलिए ऐसे में उनके नाम आपको मिसिंग लग सकते हैं।  हमारा उद्देश्य आपको अपने बचपन और उस पुराने दौर में ले जाना है जिसे हम सभी बड़ी शिद्दत से याद करते हैं और उसकी कमी को महसूस करते हैं।

News Anchors Gitanjali Aiyar
गीतांजलि अय्यर अंग्रेजी न्यूज़ एंकर

गीतांजलि अय्यर-
गीतांजलि अय्यर, यह नाम आज भी दर्शक नहीं भूल सके हैं। मॉर्डन लुक के साथ साड़ी का कॉम्बिनेशन गीतांजलि जी की पहचान थी और गीतांजलि जी न्यूज रीडिंग के साथ-साथ अपने अनोखे हेयरस्टाइल को लेकर भी मशहूर थीं। उन्होंने 1971 में अंग्रेजी न्यूज एंकर के तौर पर दूरदर्शन ज्वाइन किया था। वो दूरदर्शन की पहली इंग्लिश न्यूज प्रेजेंटर थीं। अपने ड्रेसिंग सेंस और स्टाइल अपीयरेंस के लिए जानी जाने वाली गीतांजली अय्यर को अपने 30 साल लंबे करियर में कुल चार बार बेस्ट एंकर पर्सन का अवॉर्ड भी मिल चुका है।

News Anchors Minu Talwar DD National
दूरदर्शन मशहूर न्यूज एंकर मीनू तलवार

मीनू तलवार- 
अंग्रेजी समाचार वाचिकाओं में मीनू तलवार जी का नाम भला कौन भुला सकता है। मीनू तलवार जी ने करीब 35 साल तक दूरदर्शन में एंकर और न्यूज रीडर का काम किया है। उनकी पहचान एक स्पष्ट सौम्य और ग़भीर न्यूज रीडर के तौर पर की जाती थी। उनकी बड़ी बड़ी जीवंत आँखें, हल्की मुस्कान, स्पष्ट आवाज़ उन्हें सबसे अलग बनाती थी। मीनू तलवार को उनके हेयरस्टाइल और बड़ी सी बिंदी की वज़ह से भी उस दौर में एक अलग पहचान मिली थी। उन्होंने ख़ुद को इतना मेंटेन रखा था कि लोगों को उनकी उम्र का अंदाज़ा ही नहीं लग पाता था। उनकी बेटी ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि मीनू तलवार उन दिनों इतनी कम उम्र की दिखती थीं कि लोगों को लगता था कि वे और उनकी बेटी दोनों बहनें हैं।

सुनीत टंडन

सुनीत टंडन-
दूरदर्शन पर पुरुष अंग्रेजी न्यूज रीडर्स के बीच गिना जाने वाला एक नाम सुनीत टंडन जी का भी है, जो स्पष्ट अंग्रेजी बोलने के लिये दूरदर्शन पर मशहूर थे। सुनीत जी के बारे में यह कहा जाता है कि हर भारतीय माता-पिता अपने बच्चों को अंग्रेजी सुधारने और सही उच्चारण सीखने के लिए हर दिन अंग्रेजी समाचार देखने के लिए कहते थे और उस पर से ख़ास तौर पर सुनीत टंडन का हो तो क्या बात थी। सुनीत 2007 तक दूरदर्शन से जुड़े रहे और बाद में भारतीय जनसंचार संस्थान, दिल्ली के निदेशक के रूप में कार्य किया।साथ ही लोकसभा टेलीविजन से भी जुड़कर काम किया। सुनीत एक थिएटर निर्देशक के रूप में भी सक्रिय हैं और लगभग 150 से भी अधिक शोज़ कर चुके हैं।

इसे भी पढ़े .
History Of Indian Wicket Keepers क्यों मांगनी पड़ी भीख

नीति रविन्द्रन
नीति रविन्द्रन

नीति रविन्द्रन- नीति रविन्द्रन अंग्रेजी न्यूज रीडर्स के बीच उभरी एक ऐसी आवाज़ थी जिसे लाखों लोग पसंद करते थे। नीति ने साल 1976 से 2001 तक दूरदर्शन पर बतौर न्यूज रीडर काम किया। नीति की पॉपुलरिटी का अंदाज़ा आप इसी से लगा सकते हैं कि, एक बार वे राजस्थान में सड़क पर निकलीं तो वहां ढाबे पर बैठे एक बच्चे ने उन्हें पहचान लिया और ‘न्यूज…न्यूज’ कहता उनकी और भागा था। सिल 1997 में नीति ने ही मदर टेरेसा की मृत्यु की खबर प्रस्तुत की थी। नीति डॉक्यूमेंटरी मेकिंग से भी जुड़ी हुई हैं। अवाॅर्डेड डॉक्यूमेंटरी ‘फिफ्टी इयर्स ऑफ इंडियाज इंडिपेंडेंस’ को तैयार करने में नीति रविन्द्रन जी की ख़ास भूमिका है।

तेजेश्वर सिंह-
तेजेश्वर सिंह 80 और 90 के दशक के एक बेहद पॉपुलर अंग्रेजी न्यूज रीडर थे। एक दमदार व्यक्तित्व के मालिक, तेजेश्वर सिंह अपनी घनी दाढ़ी और गहरी आवाज़ के लिए जाने जाते थे। दूरदर्शन के पॉपुलर पुरुष अंग्रेजी न्यूज रीडर्स में से एक तेजेश्वर सिंह की अपनी एक अलग ही पहचान हुआ करती थी। उनकी पर्सनैलिटी कुछ ऐसी थी कि रेग्युलर अंग्रेजी समाचार नहीं सुनने वाले भी उन्हें बख़ूबी पहचानते और पसंद किया करते थे।

रिनी सिमोन खन्ना-
रिनो सिमोन खन्ना की आवाज़ एक ऐसी आवाज़ है जिसे लाखों लोग आज भी सुनते हैं लेकिन उन्हें ये नहीं पता कि यह वही आवाज़ है जो कभी दूरदर्शन पर गूँजा करती थी। रिनी जी की आवाज़ आप आज भी कहाँ पर सुनते हैं इस बारे में हम आगे बतायेंगे, इससे पहले उनके बारे में हम संक्षेप में जान लेते हैं। रिनी के पिता भारतीय वायु सेना के एक अधिकारी थे जिनका आये दिन तबादला होता रहता था। इसलिए रिनी को देश के 9 अलग-अलग स्कूलों में पढ़ाई करनी पड़ी थी। रिनी ने दूरदर्शन के साथ साल 1985 से 2001 तक बतौर न्यूज रीडर काम किया। उसके बाद उन्होंने कई जगह वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कई इवेंट में एंकर की तरह काम किया है। दोस्तों शम्मी नारंग जी के साथ रिनी सिमोन खन्ना जी की ही आवाज़ को ही आप दिल्ली मेट्रो में अनाउंसमेंट के रूप में सुनते हैं।

प्रणय रॉय-
प्रणव रॉय ने अपने करियर की शुरुआत भारत के आम चुनावों के टेलीविजन कवरेज के साथ की दूरदर्शन पर की थी। बाद में उन्होंने उन्होंने समाचार कार्यक्रमों “द न्यूज टुनाइट” और “द वर्ल्ड दिस वीक” की मेजबानी भी की,जिन्हें स्वतंत्रता के बाद से भारत के 5 सर्वश्रेष्ठ टेलीविजन कार्यक्रमों में से एक के रूप में नामांकित किया गया था। दूरदर्शन छोड़ने के बाद उन्होंने भारत के पहला 24 घंटे का अंग्रेजी समाचार चैनल एनडीटीवी 24×7 की शुरुआत की थी।

दोस्तों इन न्यूज रीडर्स के अलावा भी ढेरों नाम हैं जिनसे दर्शक वाक़िफ हैं जैसे कावेरी मुखर्जी, कोमल जीबी सिंह , नरोत्तम पुरी, उषा अल्बुकर्क, प्रीत बेदी, निर्मला मथन, लुकू सान्याल, निधि कुमार, मीता चौधरी, रामू दामोदरन, शिवेंद्र कुंद्रा और डॉली ठाकुर आदि।

Show More
Back to top button